वीर बाल दिवस पर भाजपा कानपुर उत्तर जिला ने निकाली प्रभात फेरी, राहगीरों को बांटा गया गरम दूध

कानपुर।
वीर बाल दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिला द्वारा शहर के विभिन्न मंडलों में प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही शाम के समय संत नगर चौराहा पर राहगीरों को गरम दूध का वितरण कर साहिबजादों की शहादत को नमन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्रों के बलिदान को स्मरण करते हुए समाज में राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर भाजपा कानपुर उत्तर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर घोषित कर इतिहास के एक स्वर्णिम अध्याय को सम्मान देने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि 9 जनवरी 2022 को श्री गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह ऐतिहासिक घोषणा की थी कि 26 दिसंबर को गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्र साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाया जाएगा।
अनिल दीक्षित ने कहा कि साहिबजादों का बलिदान धर्म, राष्ट्र और मानवता की रक्षा के लिए दिया गया एक ऐसा उदाहरण है, जो सदियों तक आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा। इतनी अल्प आयु में भी उन्होंने अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने से इनकार कर अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका जीवन आज के बच्चों और युवाओं को साहस, आत्मबल, देशभक्ति और संस्कारों की शिक्षा देता है।
उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीर बाल दिवस घोषित करना सिख गुरुओं और साहिबजादों के बलिदान को राष्ट्रीय चेतना से जोड़ने का एक ऐतिहासिक कदम है।
जिलाध्यक्ष ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव देश की गौरवशाली परंपराओं, त्याग और बलिदानों को सम्मान देने का कार्य करती रही है। वीर बाल दिवस के माध्यम से बच्चों को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और उनमें राष्ट्रभक्ति के संस्कार विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। साहिबजादों की शहादत केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी और उनके साहिबजादों ने अत्याचार के विरुद्ध खड़े होकर यह संदेश दिया कि धर्म, सत्य और न्याय की रक्षा के लिए कोई भी बलिदान छोटा नहीं होता। वीर बाल दिवस समाज को एकजुट करने और देश की साझा सांस्कृतिक विरासत को और अधिक सुदृढ़ करने का पर्व है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सरदार रमिंदर सिंह रिंकू, संतोष शुक्ला, गुरविंदर सिंह छाबड़ा विक्की, सुखविंदर सिंह लाडी, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, सीमा एमबीए, अनुपम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद