सभी पात्रों को जनकल्याणकारी व सोशल सेक्टर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल व कंबल वितरित, विकास कार्यों की हुई समीक्षा
श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोभूमि, पर्यटन व रोजगार की अपार संभावनाओं वाला जनपद
लखनऊ/श्रावस्ती, 26 दिसंबर 2025।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद श्रावस्ती में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सोशल सेक्टर की योजनाओं का भरपूर लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों और गरीबों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसान हितों को सर्वोपरि रखा जाए।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं कंबल प्रदान किए। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ सीएम डैशबोर्ड पर विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक की। बैठक में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार गहन समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठकों में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ समय से मिले, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए श्रावस्ती को आकांक्षी जनपदों की श्रेणी से निकालकर विकसित जनपदों की श्रेणी में लाया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए विभिन्न योजनाओं का संचालन कर पात्रता के आधार पर लाभ पहुंचाया जा रहा है। सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय और तालमेल बनाकर कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रह जाए।
बैठक में जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने अवगत कराया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपमुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक सुनिश्चित किया जाए।
प्रेस प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि श्रावस्ती भगवान बुद्ध की तपोभूमि है, जहां 42 देशों के बौद्ध मठ स्थित हैं और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा रेल नेटवर्क और हवाई संपर्क को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जनपद का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र, विधायक रामफेरन पाण्डेय, डॉ. मिश्रीलाल वर्मा, सुभाष सत्या, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों व गरीबों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – केशव प्रसाद मौर्य