कानपुर–बुंदेलखंड में अटल स्मृति सम्मान सम्मेलन

कानपुर।
भारतीय जनता पार्टी कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभाओं में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेई की स्मृति में अटल स्मृति सम्मान सम्मेलन आयोजित करेगी। ये सम्मेलन 26 दिसंबर से 31 दिसंबर तक क्रमबद्ध रूप से संपन्न होंगे। सम्मेलनों के माध्यम से भाजपा अटल जी के विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी।
इस संबंध में भाजपा के कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सम्मेलन की रूपरेखा, कार्यक्रम की विषयवस्तु, वक्ताओं की सूची, संगठनात्मक जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी सम्मेलनों में क्षेत्रीय व प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मुख्य वक्ता के रूप में सहभाग करेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि कानपुर–बुंदेलखंड क्षेत्र की सभी 52 विधानसभाओं में सम्मेलन आयोजित करने की जिम्मेदारी संबंधित विधायकों एवं जिला संगठन को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि अटल स्मृति सम्मान सम्मेलन में वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना से लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही अटल बिहारी बाजपेई द्वारा पार्टी को वैचारिक मजबूती देने और देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाले ऐतिहासिक निर्णयों की चर्चा की जाएगी।
सम्मेलनों के सफल संचालन एवं बेहतर समन्वय के लिए क्षेत्रीय स्तर से महिला आयोग की सदस्य एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता तथा क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी को संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 दिसंबर को किदवई नगर विधानसभा में आयोजित अटल स्मृति सम्मान सम्मेलन में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि इसी क्रम में छावनी विधानसभा में क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, महाराजपुर विधानसभा में जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, बिल्हौर विधानसभा में जय प्रकाश कुशवाहा सहित अन्य विधानसभाओं में भी वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को वक्ता के रूप में दायित्व सौंपा गया है। सभी स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।
भाजपा ने इन सम्मेलनों के माध्यम से अटल बिहारी बाजपेई के सुशासन, राष्ट्रवाद, संवाद और सर्वसमावेशी राजनीति के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। पार्टी का मानना है कि अटल जी के आदर्श आज भी देश को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
बैठक में आलोक शुक्ला, पवन पांडे, हर्ष द्विवेदी, जितेंद्र सचान, अमित प्रजापति, सुनील शुक्ला, सरिता श्रीवास्तव, ऋषभ शुक्ला, सचिन गौड़ सहित मॉनिटरिंग टोली के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद