कानपुर।
क्रिसमस के पावन पर्व के उपलक्ष्य में कानपुर पास्टर्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में रविवार को एक भव्य क्रिसमस रैली का आयोजन किया गया। तुलसी उपवन, मोतीझील से प्रारंभ हुई इस विशाल रैली में शहर के मसीही समाज के हजारों लोग शामिल हुए, जिन्होंने पूरे शहर को एकता, शांति और समृद्धि का संदेश दिया। उल्लास और उत्साह से सराबोर रैली में शामिल लोगों ने अपने वाहनों को गुब्बारों और झंडियों से आकर्षक रूप से सजाया था। बच्चे ‘एंजेल’ (देवदूत) और ‘सांता क्लॉस’ की वेशभूषा में रैली की शोभा बढ़ा रहे थे। रैली का मुख्य आकर्षण सजे-धजे ऊँट और विभिन्न वाहनों पर बनाई गई रंग-बिरंगी क्रिसमस झांकियाँ रहीं। मसीही समाज के लोग नृत्य करते हुए और पारंपरिक क्रिसमस गीत गाते हुए शहरवासियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते नजर आए।
यह विशाल रैली तुलसी उपवन, मोतीझील से शुरू होकर बेनाझाबर चौराहा, हर्ष नगर चौराहा, ईदगाह, बकरमंडी ढाल, चुन्नीगंज चौराहा, लाल इमली, परेड और बड़े चौराहे से होते हुए क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज ग्राउंड पर जाकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर रैली का पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने फूलों की वर्षा कर रैली का अभिनंदन किया और पादरियों को माला पहनाकर सम्मानित किया।
बेनाझाबर चौराहे पर पादरी राकेश मसीह एवं उनके साथियों ने रैली का गर्मजोशी से स्वागत किया, वहीं हर्ष नगर चौराहे पर समाजसेवी एवं भारतीय दलित पैंथर के प्रमुख पैंथर धनीराम बौद्ध एवं साजिद सर ने पास्टर्स एसोसिएशन के सभी सदस्यों को माला पहनाकर एवं पुष्पवर्षा कर सम्मानित किया। मार्ग में स्थानीय लोगों ने हाथ हिलाकर रैली का स्वागत करते हुए खुशी और समर्थन व्यक्त किया।
एसोसिएशन के महासचिव पादरी जितेन्द्र सिंह ने कहा कि यह रैली मसीही एकता की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रैली का उद्देश्य पूरे शहर की शांति, सद्भाव और खुशहाली के लिए प्रार्थना करना है, ताकि आने वाला नया वर्ष सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
रैली का समापन क्राइस्ट चर्च इंटर कॉलेज ग्राउंड में हुआ, जहां सभी लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। कॉलेज प्रशासन की ओर से रैली में शामिल सभी लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
रैली में प्रमुख रूप से पादरी जितेन्द्र सिंह, पादरी संजय ऑलविन, पादरी अनिल गिल्बर्ट, पादरी ए.बी. सिंह, पादरी सैमसन मसीह, मिसेज हैलीना सिंह, यशराज साइलस, पादरी हनन्याय पानी, पादरी प्रदीप राव, पादरी विजय गुप्ता, पादरी आनंद मसीह, पादरी मनोज जोसेफ, पादरी राकेश मसीह, पादरी हरि सिंह, पादरी सैमुअल कुमार, पादरी डी.के. सागर, पादरी विजय मोहन, पादरी शिव कुमार, पादरी किशन लाल, पादरी इन्द्र कुमार दास सहित हजारों की संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे।