आर्चीज एजुकेशन सेंटर का ‘झंकार–2025’ भव्यता के साथ संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कानपुर।
विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी आर्चीज एजुकेशन सेंटर, श्याम नगर का बहुप्रतीक्षित वार्षिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘झंकार–2025’ लाजपत भवन सभागार में भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की रचनात्मक, सांस्कृतिक और संदेशपूर्ण प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एसडीएम तहसील नवल, विवेक मिश्रा एवं उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव पाठक द्वारा परंपरागत दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही सभागार सकारात्मक ऊर्जा और उल्लास से भर उठा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। नृत्य नाटिकाओं, समूह गान, पौराणिक कथाओं और महाकाव्यों पर आधारित संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध झलक प्रस्तुत की गई। बच्चों की प्रस्तुतियों में अनुशासन, लय-ताल और भाव-भंगिमा देखते ही बनती थी।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण प्ले ग्रुप और नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियाँ रहीं। छोटे बच्चों द्वारा प्रदर्शित आत्मविश्वास, तालमेल और मंचीय अनुशासन ने मुख्य अतिथियों, निर्णायक मंडल, अभिभावकों एवं दर्शकों को भावविभोर कर दिया, जिस पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इसके साथ ही विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से ज्वलंत राष्ट्रीय मुद्दों को भी प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया, जिससे सामाजिक एकता, जागरूकता और राष्ट्रहित का सशक्त संदेश दिया गया। इन प्रस्तुतियों ने यह दर्शाया कि विद्यार्थी न केवल सांस्कृतिक रूप से बल्कि सामाजिक रूप से भी सजग हैं।

विद्यालय के प्रबंधक एवं निदेशक मयंक बाजपेई एवं ओशमी बाजपेई ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बच्चों के भीतर अनुशासन, जीवन मूल्यों और संस्कारों का विकास सांस्कृतिक जुड़ाव से ही संभव है। उन्होंने कहा कि आर्चीज एजुकेशन सेंटर का उद्देश्य शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों का निर्माण करना है।
मुख्य अतिथि विवेक मिश्रा ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि, “एक स्वस्थ और सशक्त समाज की नींव स्कूल से ही रखी जाती है, जिसे आर्चीज एजुकेशन सेंटर, श्याम नगर पूरी निष्ठा के साथ संवार और संरक्षित कर रहा है।”
इस अवसर पर विद्यालय की निर्देशिका ओशमी बाजपेई, मुख्य कोऑर्डिनेटर सोनम अग्रवाल, यशी श्रीवास्तव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद