अयोध्या के राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वज फहरने से पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। इसी ऐतिहासिक क्षण को कानपुर में भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
कानपुर। अयोध्या के राम मंदिर के शिखर पर धर्मध्वज के भव्य आरोहण को लेकर जहाँ पूरे देश-प्रदेश में अतुलनीय उत्साह देखने को मिला, वहीं कानपुर में मठ-मंदिर रक्षा समिति के महामंत्री, हिन्दूवादी सनातनी नेता व कार सेवक धीरज चड्ढा ने भी इस अवसर को विशेष आनंद के साथ मनाया।
कानपुर के आर्य नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विशाल तस्वीर लगाकर मिठाई वितरण किया गया। साथ ही योगी–मोदी की तस्वीर के साथ प्रतीकात्मक बुलडोजर मॉडल भी रखा गया।
इस अवसर पर धीरज चड्ढा ने कहा कि कई सरकारें आईं, परंतु किसी ने भी राम मंदिर के निर्माण के बारे में गम्भीरता से नहीं सोचा। प्रभु श्रीराम की कृपा से यह कार्य प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के हाथों ही संपन्न होना था।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव पर 1990 में अयोध्या में कार सेवकों पर गोली चलाने के आदेश का आरोप लगाते हुए कहा कि उन कार सेवकों का बलिदान आज सफल हुआ है और पीएम मोदी ने उनके त्याग को व्यर्थ नहीं जाने दिया।
कार्यक्रम में शरद लोचन शुक्ला, नगर महामंत्री महानगर उद्योग व्यापार मंडल, केतन तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान धीरज चड्ढा ने 26 नवंबर 2008 मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद हमेशा भारत को निशाने पर रखता है, परंतु प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत हर चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।
शहीदों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान सदैव देश की स्मृतियों में अमर रहेगा। भारत आज आतंकवाद के विरुद्ध और भी दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।