कानपुर
थाना पनकी क्षेत्र के ग्राम मन्नीपुरवा में एक दबंग भूमाफिया परिवार द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामवासी योगेंद्र कुमार उर्फ बबलू पुत्र ब्रह्मस्वरूप पर ग्राम पंचायत की बेशकीमती भूमि — अराजी संख्या 299, 302, 304, 306, 309 सहित ग्राम सभा रामपुर खास की गाटा संख्या 829 — पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा रहे हैं। आरोप है कि योगेंद्र कुमार का परिवार प्रभावशाली पदों पर कार्यरत है। उसके भाई धीरेंद्र कुमार तथा पुत्र-पुत्री सौरभ कुमार और सलोनी उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं, जबकि पुत्रवधू ज्योति कानपुर गन फैक्ट्री (ऑर्डिनेंस) में कार्यरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ये सभी अपने पदों का दुरुपयोग कर लगातार सरकारी संपत्तियों पर कब्जा और ग्राम पंचायत की भूमि पर अतिक्रमण कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि परिवार ने गांव के भीतर नालियों, खड़ंजों व विद्युत पोलों पर भी कब्जा कर लिया है, जिससे आम जनता को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग ने मामले का संज्ञान लिया है। उपजिलाधिकारी (SDM) पनकी ने संबंधित टीम को मौके पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम प्रधान ने भी इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम से फोन पर वार्ता की और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन शीघ्र ही सरकारी भूमि को मुक्त कराकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगा।
मन्नीपुरवा में भूमाफिया परिवार का दबदबा बरकरार, सरकारी जमीन पर कब्जे की जांच के आदेश