कानपुर,बिठूर स्थित रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज में रक्षाबंधन के पावन अवसर पर श्रद्धा,संस्कार व संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय में सर्वप्रथम भगवान शिव के रुद्राभिषेक का भव्य आयोजन किया गया जिसमें विद्यालय के चेयरमैन रोहित मिश्रा एवं को-फाउंडर शिल्पा मिश्रा ने पूजन कर विद्यार्थियों को शिव कृपा का आशीर्वाद दिलवाया। इस पुण्य अवसर पर कक्षा 11 एवं 12 की छात्राओं ने स्थानीय थाना जाकर हमारे सुरक्षा प्रहरी पुलिसकर्मियों को राखी बाँधी और उनकी सेवा,समर्पण एवं बहनों की रक्षा हेतु तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर वहाँ के चिकित्सकों एवं स्टाफ को राखी बाँधकर उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की और यह संदेश दिया कि रक्षक केवल हथियार ही नहीं, सेवाभाव से भी होते हैं।
विद्यालय में रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत प्राकृतिक संसाधनों से बनी रंगोली प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता, तथा काकोरी बलिदान दिवस की स्मृति में निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी भाई-बहन के इस पावन रिश्ते को मनाते हुए एक-दूसरे को राखी बाँधी और पर्व की गरिमा को सजीव किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया एवं सभी को प्रसाद वितरण कर रक्षाबंधन पर्व की मंगलकामनाएँ दी गईं। प्रधानाचार्या सपना सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पर्व नहीं,बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति की आत्मा है,जो भाई-बहन के अटूट प्रेम,विश्वास और कर्तव्यबोध का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य है कि छात्र-छात्राएं न केवल विद्या में,अपितु संस्कारों में भी समृद्ध हों। चेयरमैन रोहित मिश्रा ने अपने वक्तव्य में कहा ऐसे आयोजनों से छात्रों में सांस्कृतिक चेतना जागृत होती है और वे अपने कर्तव्यों व परंपराओं के प्रति सजग बनते हैं। हमारा प्रयास सदैव रहेगा कि हम शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का भी समुचित पोषण करें। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना और विद्यालय प्रांगण में रक्षाबंधन की मधुर भावना चारों ओर गूंजती रही।
छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बाँधी