कानपुर। 10 अगस्त से जनपद में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (IDA: Ivermectin, DEC, Albendazole) शुरू होगा, जिससे 25 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने मीडिया कार्यशाला में कहा कि “फाइलेरिया से मुक्ति के लिए दवा के साथ जनसहभागिता जरूरी है, मीडिया इसमें अहम भूमिका निभाएगा।”अभियान 8 ग्रामीण ब्लॉकों – बिल्हौर, सरसौल, चौबेपुर, ककवन, घाटमपुर, भीतरगांव, बिधनू, पतारा – और 3 शहरी केंद्रों – ग्वालटोली, गुजैनी, गीतानगर – में चलेगा। शुभारंभ ब्लॉक बिधनू के ग्राम मझावन से जिलाधिकारी करेंगे। करीब 2021 टीमें घर-घर जाकर दो वर्ष से ऊपर के लोगों को ट्रिपल ड्रग थेरेपी देंगी। गर्भवती महिलाएं, गंभीर रूप से बीमार और दो वर्ष से कम आयु के बच्चों को दवा नहीं दी जाएगी। 334 प्रशिक्षित पर्यवेक्षक और रैपिड रिस्पॉन्स टीमें तैनात रहेंगी। सीएमओ ने लोगों से दवा खाने, अफवाहों से दूर रहने और दूसरों को प्रेरित करने की अपील की। स्वास्थ्य अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों ने अभियान की सफलता का संकल्प लिया।
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान 10 अगस्त से, 25 लाख लोग होंगे लाभान्वित