पुलिस उपायुक्त पश्चिम दिनेश त्रिपाठी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
कानपुर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री दिनेश त्रिपाठी ने थाना बिठूर क्षेत्र स्थित इस्कॉन मंदिर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण करते हुए मंदिर महंत एवं प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए डीसीपी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर क्षेत्र में पुलिस बल की समुचित तैनाती, CCTV निगरानी व्यवस्था और महिला सुरक्षा की व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। इसके अलावा डायल 112, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर डीसीपी ने एक विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार करने और उसे प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंदिर आने-जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग, वैकल्पिक रूट और पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। इस अवसर पर अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर सहित अन्य पुलिस अधिकारीगण भी मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएंगी।