कानपुर।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भ्रष्टाचार के आरोप में कई डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कानपुर के अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुबोध प्रकाश यादव को निलंबित कर दिया गया है, जिन पर मेडिकल जांच के नाम पर घूसखोरी और वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप है। उनके साथ ही चीफ फार्मासिस्ट अवनीश कुमार शुक्ला और वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
मथुरा में भी कार्रवाई
मथुरा में पुलिस आरक्षी भर्ती प्रक्रिया में मेडिकल परीक्षण पास कराने के नाम पर घूस मांगने के आरोप में दो डॉक्टरों को निलंबित किया गया है। इनमें जिला चिकित्सालय में तैनात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. हरि नारायण प्रभाकर और एटा के जिला चिकित्सालय में तैनात डॉ. राहुल वाष्णेय शामिल हैं।
*अन्य मामलों में भी कार्रवाई*
इसके अलावा, बदायूं और हमीरपुर में भी डॉक्टरों के खिलाफ कार्यवाही की गई है। वीरांगना अवंती महिला चिकित्सालय (डफरिन) की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. रेनू पंत को भी आरोप पत्र दिया गया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।