अम्बेडकर नगर।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए विस्तृत रणनीति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ पूर्व, बाढ़ के दौरान और बाढ़ के बाद राहत एवं बचाव कार्यों की संपूर्ण तैयारी की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में बाढ़ से प्रभावित करने वाली मुख्य नदियाँ घाघरा (70.4 किमी) व तमसा हैं, जबकि थिरुआ नाला भी खतरे की आशंका बढ़ाता है। बाढ़ संभावित तहसीलों में टांडा और आलापुर शामिल हैं। टांडा के 10 और आलापुर के 13 ग्रामों सहित कुल 23 गांवों को बाढ़ प्रभावित घोषित किया गया है। जिले में 13 बाढ़ चौकियां और राहत शिविर स्थापित कर दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आपदा नियंत्रण कक्ष (दूरभाष- 05271-244250, 244550) एवं टोल फ्री नंबर 1077 को क्रियाशील रखा जाए।
डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में आवश्यक खाद्यान्न, ईंधन आदि की आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नगरपालिका अधिकारियों को जल निकासी, साफ-सफाई व पंपिंग सेट की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पर्याप्त दवाओं, सर्पदंश रोधी वैक्सीन, टीकाकरण और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। गर्भवती महिलाओं, वृद्धों, दिव्यांगों व बच्चों को विशेष प्राथमिकता देने को कहा गया।
बाढ़ से निपटने को लेकर डीएम अनुपम शुक्ला की सख्त तैयारी