सुल्तानपुर ब्यूरो
संविधान बचाओ रैली को बताया ढोंग
सुल्तानपुर।जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के महादेवन और गोशैसिंहपुर बाजार में कांग्रेस द्वारा आयोजित संविधान बचाओ रैली को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष चन्दन नारायण सिंह ने तीखा हमला बोला।उन्होंने इस रैली को एक ग़लत मानसिकता की उपज बताते हुए कहा कि जनता इसे पूरी तरह खारिज कर देगी।सिंह ने कहा कि जिस प्रकार राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को जनता ने सिरे से नकार दिया,उसी तरह यह तथाकथित संविधान बचाओ रैली भी विफल सिद्ध होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह जनता को गुमराह करने में लगी है।भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सैकड़ों बार संविधान में बदलाव कर उसे अपने निजी स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया। अब जब जनता इन तथ्यों को समझ चुकी है,तो कांग्रेस भ्रम फैलाने और ध्यान भटकाने के प्रयास कर रही है। उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी की मुश्किलों का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस इन रैलियों के ज़रिए असल मुद्दों से ध्यान हटाना चाहती है।सिंह ने आरोप लगाया कि संविधान बचाओ का नारा एक महज़ दिखावा है,जिसके पीछे मुस्लिम तुष्टिकरण,देश में अस्थिरता और अविश्वास फैलाने की साजिश छिपी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह हताश हो चुकी है और जनता उसके प्रपंचों में नहीं आने वाली।