नशामुक्त उत्तर प्रदेश के संकल्प के साथ मनाया शिवमंगल सिंह का 61वां जन्मोत्सव

अनिश्चितकालीन आंदोलन की अनुमति न मिलने पर बोले- नशे के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा, शासन-प्रशासन का अपेक्षित सहयोग न मिलना चिंताजनक

कानपुर। ऑपरेशन विजय के सुप्रीमो एडवोकेट शिवमंगल सिंह आईपी का 61वां जन्मोत्सव रविवार को संघर्ष दिवस के रूप में मनाया गया। नारामऊ स्थित वैष्णो देवी दरबार में आयोजित कार्यक्रम में हवन-पूजन, यज्ञ और भंडारे के साथ नशामुक्त उत्तर प्रदेश बनाने के संकल्प को दोहराया गया। कार्यक्रम में परिवारजन, संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शुभचिंतक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत माता वैष्णो देवी के दरबार में हवन-यज्ञ और पूजा-अर्चना से हुई। इसमें प्रदेश को नशामुक्त बनाने, युवाओं को नशे से बचाने और समाज में सुख-शांति की कामना के साथ आहुतियां दी गईं। इसके बाद भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर शिवमंगल सिंह ने कहा कि उनके लिए जन्मदिन व्यक्तिगत उत्सव नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत और उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने तथा सामाजिक बुराइयों के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा। जब तक देश और प्रदेश पूरी तरह नशामुक्त नहीं हो जाते, तब तक वह पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को पूर्ण नशामुक्त बनाने के लिए संगठन ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की अनुमति मांगी थी, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है। इसके बावजूद आंदोलन नहीं रुकेगा और संगठन संवैधानिक व शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाता रहेगा। नशे के खिलाफ अभियान में शासन और प्रशासन का अपेक्षित सहयोग नहीं मिलना चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को प्रभावित कर रहा है। इसे रोकने के लिए सभी को आगे आकर जनआंदोलन का रूप देना होगा। कार्यक्रम में संगठन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई। गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने तथा युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शिवमंगल सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए नशामुक्त उत्तर प्रदेश अभियान को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद