कानपुर। थाना रेलबाजार क्षेत्र के शांतिनगर में 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजकुमारी गुप्ता ने अपनी बेटी रजनी गुप्ता, बेटे सर्वज्ञ गुप्ता और बहू वैलिशा पर घर से करीब 70 लाख रुपये की पुस्तैनी ज्वेलरी और 22 लाख रुपये नकद चोरी करने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, वह पति की दुकानों से मिलने वाला किराया करीब 12 वर्षों से अपने बुढ़ापे के सहारे के लिए जमा कर रही थीं। शुक्रवार दोपहर करीब 12:20 बजे उन्होंने घटना की जानकारी दी।कैंट के शांतिनगर निवासी राजकुमारी गुप्ता ने बताया कि पति प्रेमचंद्र गुप्ता की मौत के बाद वह मकान के निचले हिस्से में रहती हैं, जबकि ऊपरी हिस्से में अन्य लोग रहते हैं। उनके मुताबिक, 16 जुलाई को कमरे और लॉकर की चाबियां खो गई थीं। इसके बाद कारीगर बुलाकर ताले और चाबियां बदलवा दी गई थीं। बुजुर्ग के अनुसार, पति की दुकानों से मिलने वाला किराया उन्होंने आखिरी बार 9 अगस्त को बख्शे में रखा था। बाद में बख्शा देखने पर उसकी कुंडी टूटी मिली। शक होने पर अंदर रखा सामान देखा तो करीब 70 लाख रुपये की पुस्तैनी ज्वेलरी और 22 लाख रुपये नकद गायब मिले।राजकुमारी का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। करीब दो महीने बाद प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि तीनों ने कथित साजिश के तहत उनके घर से बाहर होने का फायदा उठाकर बख्शे से नकदी और जेवरात चोरी किए।बुजुर्ग महिला ने पुलिस से चोरी गया सामान बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि बुजुर्ग महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रेल बाजार में रिश्तों पर चोरी का आरोप, 92 लाख गायब