कानपुर। प्रेरणा स्पेशल स्कूल के दिव्यांग बच्चों और खिलाड़ियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शनिवार को नई पहल शुरू हुई। छावनी परिषद कार्यालय परिसर में बच्चों द्वारा संचालित फूड कार्ट का शुभारंभ किया गया। मुख्य अधिशासी अधिकारी पीडी स्टीफन, नामित सदस्य लखन लाल ओमर, प्रशासनिक अधिकारी वंदना सिन्हा, समाजसेवी श्रुति कुमार शर्मा सपरिवार, प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सुब्रतो भद्रा, अतुल शुक्ला, नीता सामवेदी और खेल प्रशिक्षक सत्येंद्र सिंह यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।इस दौरान छावनी परिषद के सभी सदस्य मौजूद रहे। बच्चों ने तालियों से अतिथियों का स्वागत किया। सीईओ पीडी स्टीफन ने कहा कि फूड कार्ट केवल व्यवसाय का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। मेहनत और प्रशिक्षण के माध्यम से बच्चे समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।नामित सदस्य लखन लाल ओमर ने कहा कि छावनी परिषद दिव्यांग बच्चों के कौशल विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। भविष्य में भी उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।प्रधानाचार्या डॉ. शिखा अग्रवाल ने बताया कि फूड कार्ट के जरिए बच्चों को भोजन तैयार करने, हिसाब-किताब रखने और ग्राहकों से व्यवहार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे उन्हें आगे चलकर स्वरोजगार के लिए तैयार करने में मदद मिलेगी।
दिव्यांग बच्चों की आत्मनिर्भरता को मिली नई उड़ान