गंगा में कूदा युवक, तलाश जारी

शुक्लागंज पुल पर स्कूटी खड़ी कर अंकुर ने लगाई छलांग, दूसरे दिन भी नहीं मिला सुराग

कानपुर। कैंट थाना क्षेत्र के शुक्लागंज पुल पर सोमवार रात 36 वर्षीय युवक के गंगा में छलांग लगाने से अफरा-तफरी मच गई। युवक पुल पर अपनी स्कूटी खड़ी करने के बाद नदी में कूद गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जल पुलिस व गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई।
लापता युवक की पहचान शांतिनगर निवासी अंकुर अरोड़ा उर्फ छोटू के रूप में हुई है। वह सेल्समैन का काम करता था। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात अंकुर दोस्तों के साथ बैठा था। इसके बाद वह स्कूटी लेकर शुक्लागंज पुल पहुंचा। पुल पर स्कूटी किनारे खड़ी करने के बाद उसने गंगा में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह से भी गोताखोरों ने गंगा में कई स्थानों पर तलाश की। शाम तक अभियान जारी रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक गंगा में पानी अधिक होने और तेज बहाव के कारण गोताखोरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पुल पर मिली स्कूटी के नंबर के आधार पर पुलिस ने युवक के परिवार की जानकारी जुटाई। इसके बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई। अंकुर के चाचा सुशील अरोड़ा ने बताया कि उसके पिता सुधीर अरोड़ा की बीमारी के चलते पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां मंजू अरोड़ा हैं। इकलौते बेटे के गंगा में लापता होने की जानकारी के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को अब भी उसके सकुशल मिलने की उम्मीद है। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार चलाया जा रहा है। युवक के मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद