कानपुर। रेलबाजार थाना पुलिस ने खपरा मोहाल स्थित पम्पलेश्वर महादेव मंदिर में हुई चोरी का छह दिन के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दानपेटी और तांबे का नाग भी बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों को रविवार दोपहर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को मंदिर के पुजारी राकेश सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि 24 जुलाई की सुबह जब वह पूजा के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। मंदिर के अंदर रखी दानपेटी और तांबे का नाग गायब था। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही दो पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान सूचना मिली कि चोरी की घटना से जुड़े दो संदिग्ध उन्नाव पुल पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान बेगमपुरवा निवासी अस्सु और अयान कातिल के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार दोनों नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई दानपेटी और तांबे का नाग बरामद कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की विवेचना पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नशे की लत में मंदिर में चोरी, छह दिन में दो आरोपी गिरफ्तार