स्पीड हंट से 38 तेज गेंदबाजों को मिला मौका, 14 अगस्त से शुरू होगा यूपीटी20 का चौथा सीजन
लखनऊ। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि यूपीटी20 लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए आईपीएल तक पहुंचने का मजबूत मंच बन चुकी है। उन्होंने बताया कि इस साल प्रदेश के 18 खिलाड़ियों ने आईपीएल में हिस्सा लिया, जिनमें कई खिलाड़ियों ने यूपीटी20 लीग से अपनी पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि यूपीसीए स्पीड हंट अभियान भी बेहद सफल रहा। इसके जरिए प्रदेशभर से 134 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले 38 तेज गेंदबाजों को यूपीटी20 लीग में जगह मिली है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी अपने अनकैप्ड खिलाड़ियों में कम से कम एक खिलाड़ी स्पीड हंट से जरूर शामिल करे। यूपीटी20 लीग का चौथा संस्करण 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में काशी रुद्राक्ष और मेरठ मेवेरिक्स के मुकाबले से शुरू होगा। इसके बाद मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां 3 और 4 सितंबर को प्लेऑफ तथा 6 सितंबर को फाइनल मुकाबला होगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच खेले जाएंगे।