ड्यूटी के दौरान जूनियर डॉक्टर की मौत

कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के हैलट अस्पताल के अस्थि रोग विभाग में कार्यरत द्वितीय वर्ष के जूनियर रेजीडेंट डॉ. विनोद कुमार बिंद (27) का गुरुवार को ड्यूटी के दौरान उपचार के बावजूद निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत का संभावित कारण हृदयाघात माना जा रहा है।मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार डॉ. विनोद 15/16 जुलाई की रात आकस्मिक विभाग में नाइट ड्यूटी पर थे। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे उन्हें पेट के ऊपरी हिस्से में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल मेडिसिन इमरजेंसी एवं आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए ईसीजी, ट्रोप-आई समेत अन्य आवश्यक जांचें कराईं, लेकिन सभी रिपोर्ट सामान्य आईं। इसके बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। उनका इलाज मेडिसिन विभाग के प्रो. डॉ. विशाल गुप्ता, निश्चेतना विभाग के प्रो. डॉ. अपूर्व अग्रवाल तथा हृदय रोग संस्थान के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. गौतम वाजपेई की संयुक्त निगरानी में किया गया।
डॉक्टरों ने लगातार सीपीआर दिया और हृदय गति नियंत्रित करने के लिए टेम्परेरी पेसमेकर भी लगाया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य, उप प्रधानाचार्या, प्रमुख अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक लगातार मौजूद रहे और पूरी चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।हालत अत्यंत गंभीर होने पर हृदय रोग संस्थान के विशेषज्ञों डॉ. एम. रजी एवं डॉ. एस.के. सिन्हा से समन्वय स्थापित किया गया। पुलिस और अस्पताल प्रशासन की मदद से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एएलएस एम्बुलेंस के जरिए उन्हें हृदय रोग संस्थान भेजा गया। प्रधानाचार्य सहित वरिष्ठ अधिकारी भी एम्बुलेंस के साथ वहां पहुंचे।
हृदय रोग संस्थान में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन सुबह करीब 11 बजे डॉ. विनोद को मृत घोषित कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रथम दृष्टया उनकी मृत्यु का संभावित कारण हृदयाघात माना जा रहा है। सहपाठियों ने चिकित्सकों को बताया कि डॉ. विनोद पिछले कुछ महीनों से मधुमेह (डायबिटीज) और उच्च रक्तचाप से भी पीड़ित थे। उपचार के दौरान उनकी गंभीर स्थिति की जानकारी परिजनों को लगातार दूरभाष के माध्यम से दी जाती रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद