आरपीएफ की सतर्कता से अपहृत 13 वर्षीय बालिका सकुशल मिली

कानपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट कानपुर सेंट्रल ने सतर्कता और त्वरित कार्रवाई करते हुए गुजरात से अपहृत 13 वर्षीय बालिका को सकुशल बरामद कर उसके पास मिले नकदी और जेवरात सहित गुजरात पुलिस को सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ को 7 जुलाई को हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 19201 में एक संदिग्ध नाबालिग बालिका यात्रा कर रही है। सूचना पर उप निरीक्षक एस.के. कटियार के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक हरिशंकर त्रिपाठी एवं महिला प्रधान आरक्षक वंदना कटियार ने प्लेटफॉर्म संख्या-8 पर ट्रेन के सामान्य कोच की जांच की। इस दौरान एक 13 वर्षीय बालिका संदिग्ध अवस्था में मिली, जिसे सुरक्षित रेस्क्यू कर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। वहां “मेरी सहेली” टीम की निगरानी में उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में बालिका ने पुत्री विजय सिंह निषाद, निवासी भावनगर (गुजरात) बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर ₹30 हजार नकद, पीली धातु के दो मंगलसूत्र, एक चेन, एक नाक की कील तथा सफेद धातु की एक जोड़ी पायल बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई। आरपीएफ ने तत्काल भावनगर पुलिस से संपर्क किया। 9 जुलाई को भावनगर पुलिस के हेड कांस्टेबल करण सिंह मनुभाई, महिला कांस्टेबल रश्मिता बहन जयसुखलाल तथा बालिका के पिता विजय सिंह निषाद कानपुर सेंट्रल पहुंचे। उन्होंने थाना भावनगर में दर्ज अपहरण के मुकदमे की प्रति प्रस्तुत की, जिससे पुष्टि हुई कि बालिका अपहरण के मामले में वांछित थी। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरपीएफ ने बालिका को उसके पास से बरामद नकदी व जेवरात सहित विधिवत गुजरात पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद