दो आरोपी गिरफ्तार, 59 फर्जी मार्कशीट-डिग्री, साढ़े चार लाख रुपये और मोबाइल बरामद; कई राज्यों तक फैले नेटवर्क की जांच तेज
कानपुर। कमिश्नरेट कानपुर की एसआईटी और फीलखाना थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी मार्कशीट, डिग्री, माइग्रेशन और प्रोविजनल प्रमाणपत्र तैयार कर बेचने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से विभिन्न विश्वविद्यालयों और शिक्षा बोर्डों के नाम पर तैयार की गई 59 फर्जी मार्कशीट, डिग्री व अन्य शैक्षिक प्रमाणपत्र, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा अपराध से अर्जित 4.53 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह लंबे समय से सुनियोजित तरीके से फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर देश के अलग-अलग राज्यों में बेच रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी जरूरतमंद लोगों से मोटी रकम लेकर उन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों और बोर्डों के नाम पर नकली प्रमाणपत्र उपलब्ध कराते थे। बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क, ग्राहकों और सहयोगियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ फीलखाना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि अब तक कितने लोगों को फर्जी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए गए और इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।