महिला मित्र के घर फंदे पर लटका मिला युवक का शव, हत्या का आरोप

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी में उस समय सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने युवक की महिला मित्र और उसके परिजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान फजलगंज क्षेत्र स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले 35 वर्षीय धीरज सक्सेना के रूप में हुई है। धीरज पेशे से क्रेन चालक थे और पिछले कई वर्षों से चकेरी की कांशीराम कॉलोनी में एक तलाकशुदा महिला के साथ रह रहे थे। परिजनों के अनुसार दोनों लगभग 12 वर्षों से साथ रह रहे थे। गुरुवार देर रात करीब दो बजे धीरज का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
मृतक की बहन विनीता ने महिला मित्र, उसकी बेटी तथा उसके भाई-बहनों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि धीरज की कुछ संपत्ति और आर्थिक मामलों को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से सभी ने मिलकर धीरज की हत्या कर दी और बाद में शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। परिजनों का कहना है कि धीरज सामान्य जीवन जी रहे थे और उनके आत्महत्या करने जैसी कोई वजह सामने नहीं आई है।
घटना के बाद माहौल तब और तनावपूर्ण हो गया जब पोस्टमार्टम हाउस पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। वहां तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई। मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। परिजनों ने पुलिस से हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे। वहीं दूसरी ओर महिला पक्ष के लोगों ने हत्या के आरोपों को निराधार बताया है। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल युवक की संदिग्ध मौत को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है तथा मामले से जुड़े सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद