कानपुर। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए डीसीपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीसीपी ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की देरी न हो तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई और समाधान की जानकारी अवश्य दी जाए। जनसुनवाई के दौरान डीसीपी ने आगंतुकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने, उन्हें बैठने की उचित व्यवस्था उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर बार-बार उत्पन्न होने वाली समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके।
जनसुनवाई में डीसीपी दीपेन्द्र नाथ चौधरी का सख्त संदेश, शिकायतों में न हो देरी