भारतीय मूल के डॉक्टर ने भेजीं कैलीग्राफी की पुस्तकें और विशेष पेन, डीएम ने किया सम्मानित
कानपुर। प्रतिभा और मेहनत की कोई सीमा नहीं होती। इसका ताजा उदाहरण कानपुर की छात्रा शिवानी ने प्रस्तुत किया है, जिसकी सुंदर हस्तलिपि की चर्चा अब देश की सीमाओं को पार कर ब्रिटेन तक पहुंच गई है। शिवानी की आकर्षक और बेहद सुस्पष्ट लिखावट से प्रभावित होकर ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने उसके लिए विशेष उपहार भेजे हैं। इनमें कैलीग्राफी की पुस्तकें, विशेष पेन और अन्य अध्ययन सामग्री शामिल हैं। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने यह सामग्री शिवानी को सौंपते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिवानी अपनी अनूठी हस्तलिपि के कारण कुछ समय पहले चर्चा में आई थी। उसकी लिखावट इतनी सुंदर और व्यवस्थित है कि पहली नजर में देखने पर वह टाइप किया हुआ पाठ प्रतीत होती है। उसकी इस प्रतिभा को देखते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व में उसे सम्मानित कर प्रोत्साहित किया था। इसके बाद मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी सफलता की कहानी देश-विदेश तक पहुंची और लोगों ने उसकी प्रतिभा की सराहना की। ब्रिटेन के नॉर्थैम्प्टन में रहने वाले भारतीय मूल के चिकित्सक डॉ. आशुतोष शर्मा ने जब सोशल मीडिया पर शिवानी के बारे में पढ़ा तो वह उसकी लगन, मेहनत और लेखन कला से प्रभावित हुए। उन्होंने महसूस किया कि ऐसी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ताकि वे आगे बढ़कर अपनी अलग पहचान बना सकें। शिवानी का पता उपलब्ध न होने के कारण उन्होंने कैलीग्राफी से संबंधित पुस्तकें, विशेष पेन और अन्य अध्ययन सामग्री जिलाधिकारी कानपुर नगर के पते पर भेजी। साथ ही एक पत्र लिखकर अनुरोध किया कि यह सामग्री शिवानी तक पहुंचा दी जाए। डॉ. शर्मा द्वारा भेजे गए उपहार और पत्र प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने जनता दर्शन कार्यक्रम में शिवानी को आमंत्रित किया। इस दौरान उन्होंने शिवानी को सभी पुस्तकें, विशेष पेन और अध्ययन सामग्री भेंट की। साथ ही एक गुल्लक भी उपहार स्वरूप दी और उसे बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने शिवानी को नियमित अभ्यास जारी रखने तथा कैलीग्राफी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिवानी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह उन सभी बच्चों के लिए प्रेरणा है जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने हुनर और मेहनत के दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को सही समय पर प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन मिले तो बच्चे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं। विशेष उपहार प्राप्त कर शिवानी बेहद उत्साहित नजर आई। उसने डॉ. आशुतोष शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान और उपहार उसके लिए बड़ी प्रेरणा है। उसने जिलाधिकारी का भी धन्यवाद दिया और कहा कि वह कैलीग्राफी की पुस्तकों का अध्ययन कर अपनी लेखन कला को और निखारने का प्रयास करेगी तथा भविष्य में इस क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करती रहेगी।