कानपुर। 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाली यूपी टी-20 लीग की तैयारियों ने अभी से रफ्तार पकड़ ली है। इसी क्रम में गुरुवार को ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डॉ. संजय कपूर एवं यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता के साथ स्टेडियम के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पैवेलियन बालकनी, डायरेक्टर पवेलियन, वीआईपी पवेलियन, दर्शकों की बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी मार्ग, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था और वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं को विस्तार से परखा गया। अधिकारियों ने मैचों के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर विपिन टाडा ने कहा कि यूपी टी-20 लीग के सफल आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और मैचों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।ग्रीन पार्क में होने वाले इस प्रतिष्ठित क्रिकेट आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। निरीक्षण के दौरान यूपीसीए पदाधिकारियों के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं एवं समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।इस अवसर पर केसीए उपाध्यक्ष संजय तिवारी, अरविंद सिंह, सचिव कौशल कुमार सिंह, अश्विनी कोहली, आशीष सचान, अहमद अली खान (तालिब) एवं पी.एस. नेगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यूपी टी-20 लीग से पहले ग्रीन पार्क की सुरक्षा और व्यवस्थाओं का हुआ गहन निरीक्षण