जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग में सिग्मा ग्रिपलॉक XI का कब्जा, दूधिया रोशनी में रोमांचक फाइनल ने जीता दर्शकों का दिल
कृष्णा यादव बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट, हजारों दर्शकों की मौजूदगी में आतिशबाजी के साथ हुआ भव्य समापन
कानपुर। केसीए से संबद्ध जेएनटी स्पोर्ट्स वेल्फेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘सिग्मा ग्रिपलॉक ट्रॉफी’ के लिए खेली गई 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग का भव्य समापन कानपुर साउथ ग्राउंड में शानदार अंदाज में हुआ। दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट्स) में खेले गए फाइनल मुकाबले में सिग्मा ग्रिपलॉक XI ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्राइम एन्लायटेन XI को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए मैदान में हजारों दर्शकों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। चारों तरफ बजती सीटियां, ढोल-बाजे और खिलाड़ियों के समर्थन में लग रहे नारों ने मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। मैच समाप्त होने के बाद आयोजित शानदार आतिशबाजी ने समापन समारोह को और भी यादगार बना दिया। आयोजकों ने बताया कि इस आयु वर्ग के क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहली बार इतना बड़ा जनसमूह और इतना रोमांचक माहौल देखने को मिला।
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि यूपी-T20 लीग एवं केसीए के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, सिग्मा ग्रिपलॉक के निदेशक नवनीत जैन सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट में सिग्मा ग्रिपलॉक XI के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टीम के खिलाड़ी कृष्णा यादव ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 8 पारियों में 318 रन बनाए और 2 विकेट हासिल किए। उन्हें ‘मैन ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। वहीं फाइनल मुकाबले में 47 रन और 2 विकेट लेने पर उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में आदित्य यादव ने 8 पारियों में 316 रन बनाकर सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार हासिल किया। वहीं प्राइम एन्लायटेन XI के शिवांश राय ने 8 पारियों में 15 विकेट लेकर सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की दर्शकों और अतिथियों ने जमकर सराहना की।
फाइनल मुकाबले का औपचारिक उद्घाटन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने किया। कार्यक्रम के दौरान संजय तिवारी ने अतिथियों का स्वागत किया जबकि अहमद अली खान (तालिब) ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन आयुष तिवारी ने किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए राहुल, विकास यादव, प्रबोध शर्मा, संजय शुक्ला, एसएन सिंह, अमित मिश्रा सहित जेएनटी परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के सफल संचालन और शानदार व्यवस्थाओं की खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने जमकर सराहना की।