यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर कमिश्नरेट अलर्ट

54 केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। परीक्षा के सफल आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को सिविल लाइन्स स्थित राजेन्द्र स्वरूप ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कमिश्नरेट के सभी आला अधिकारियों ने भाग लिया। गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, सतर्कता और अनुशासन के साथ करें ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
पुलिस आयुक्त ने कमिश्नरेट के सभी 54 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की गहन चेकिंग और शांति व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक अभ्यर्थी की परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले आधुनिक उपकरणों से फ्रिस्किंग और चेकिंग कराई जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या प्रतिबंधित सामग्री अंदर न पहुंच सके।
इसके अलावा परीक्षा के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष रूप से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास जाम की स्थिति न बने और अभ्यर्थियों को समय से परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अलग से ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 08, 09 और 10 जून 2026 को होने वाली मुख्य लिखित परीक्षा के मद्देनजर शनिवार को ही पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग प्रक्रिया की ‘ग्रांड रिहर्सल’ भी कराई गई। इस दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था, चेकिंग पॉइंट और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई ताकि किसी भी कमी को समय रहते दूर किया जा सके।
बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध संकल्प शर्मा, पुलिस उपायुक्त पश्चिम कासिम आबिदी, पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार, पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी, पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल श्रीवास्तव, नोडल अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना महेश कुमार सहित सभी संबंधित एसीपी, परीक्षा केंद्रों के ड्यूटी प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद