बिजली संकट और स्मार्ट मीटर गड़बड़ियों पर ‘आप’ का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

अघोषित कटौती, महंगे बिल और फर्जी रीडिंग के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने खोला मोर्चा

कानपुर। उत्तर प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटरों में आ रही गड़बड़ियों के विरोध में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी की कानपुर नगर इकाई ने जोरदार आवाज बुलंद की। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक विस्तृत ज्ञापन राजभवन भेजकर प्रदेश की बदहाल विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के दौर में प्रदेश के कई जिलों में घंटों नहीं बल्कि 22 से 48 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार हो रही कटौती से किसान, व्यापारी, छात्र और आम उपभोक्ता परेशान हैं, जबकि सरकार इस गंभीर समस्या के समाधान में विफल साबित हो रही है।
ज्ञापन में बाराबंकी की उस दर्दनाक घटना का भी उल्लेख किया गया, जिसमें बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। आम आदमी पार्टी ने इसे प्रदेश की चरमराई विद्युत व्यवस्था का दुखद और संवेदनहीन उदाहरण बताते हुए कहा कि यदि बिजली व्यवस्था सुचारु होती तो ऐसी घटनाओं से बचा जा सकता था।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल बयानबाजी में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों के नाम पर उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण किया जा रहा है। गलत रीडिंग, फर्जी बिलिंग और अत्यधिक बिजली बिलों से आम लोग परेशान हैं, लेकिन उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान नहीं हो रहा।
ज्ञापन के माध्यम से आम आदमी पार्टी ने प्रदेश सरकार से कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें प्रदेशभर में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाकर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना, स्मार्ट मीटरों और फर्जी बिलिंग की शिकायतों की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कराना, बिजली दरों में बढ़ोतरी पर रोक लगाना तथा उपभोक्ताओं के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करना शामिल है। इसके अलावा बाराबंकी घटना की निष्पक्ष जांच कराकर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग भी की गई। इस दौरान जिला प्रभारी आशुतोष सेंगर, जिलाध्यक्ष अनुज शुक्ला, संगठन महासचिव योगेश दीक्षित, सौरभ रत्न गुप्ता, मुशीर सिद्दकी, वसीमउद्दीन, इस्मा जहीर, संजय कुमार, शाहिद भाई सहित बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद