कानपुर- टीजीटी परीक्षा-2022 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल घर, वेटिंग हॉल, वाहन पार्किंग, प्लेटफॉर्म और फुटओवर ब्रिजों पर गहन जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सामान की तलाशी ली गई, जबकि मेटल डिटेक्टर से भी जांच की गई।
जीआरपी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
टीजीटी परीक्षा को लेकर कानपुर सेंट्रल पर हाई अलर्ट