कानपुर। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया। सात घंटे तक चले अभियान में चार जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध प्लाटिंग, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाला, बिजली के खंभे, एंट्री गेट, सीवर लाइन समेत कई निर्माणाधीन और निर्मित भवनों को ध्वस्त कर दिया गया। कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत 102 करोड़ 46 लाख रुपये आंकी गई है। केडीए सचिव डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि अहिरवां, सजारी, कुलगांव, बैरी अकबरपुर कछार, देहली सुजानपुर और किदवई नगर क्षेत्रों में कुल 49,630 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इसमें अहिरवां की भूमि का मूल्य 51.63 करोड़ रुपये, सजारी की 47.33 करोड़ रुपये, देहली सुजानपुर की एक करोड़ रुपये, कुलगांव की 1.30 करोड़ रुपये तथा बैरी अकबरपुर कछार की 1.19 करोड़ रुपये कीमत आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान कुलगांव में मनोज पंडित व अन्य द्वारा किए गए 650-650 वर्गमीटर के दो अवैध कब्जे हटाए गए। वहीं बैरी अकबरपुर कछार में उदयवीर व अन्य द्वारा 700 वर्गमीटर, गणेशपुर रोड पर अजय व अन्य द्वारा 500 वर्गमीटर तथा किदवई नगर में आयुष व अन्य द्वारा 167 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इसके अलावा अहिरवां में 12 बीघा तथा सजारी क्षेत्र में पांच बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। अलकनंदा योजना क्षेत्र में एसटीपी के पास प्रीकास्ट बाउंड्रीवाल और गेटेड सोसाइटी बनाकर छह बीघा भूमि में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चलाया गया। केडीए के अनुसार सभी प्लाटिंग बिना स्वीकृत नक्शे के विकसित की जा रही थीं। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि प्राधिकरण, ग्राम समाज और सीलिंग की भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा, खरीद-फरोख्त या अवैध गतिविधि न करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 102.46 करोड़ की जमीन मुक्त