31 मई को 22 हजार बूथों पर सुनी जाएगी प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात

भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र ने तैयारियां पूरी कीं, क्षेत्रीय कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक

कानपुर-भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आगामी 31 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी 17 जिलों के लगभग 22 हजार बूथों पर कार्यकर्ता एवं आमजन सामूहिक रूप से सुनेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक रणनीति तैयार की गई है और बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
इसी क्रम में भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारी, ‘मन की बात’ कार्यक्रम की क्षेत्रीय टोली, मॉनिटरिंग टीम के सदस्य एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, बूथ स्तर पर व्यवस्थाएं, जनसहभागिता बढ़ाने और कार्यक्रम के प्रभावी संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री और आम जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समाज के विभिन्न वर्गों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, वैज्ञानिकों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि इस बार भी भाजपा संगठन बूथ स्तर तक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी गंभीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।
प्रकाश पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं भारत सरकार में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी झांसी महानगर के एक बूथ पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण करेंगे। इसके साथ ही क्षेत्र, जिला, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम के आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता है कि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम से जुड़ें और प्रधानमंत्री के विचारों को सुनें।
‘मन की बात’ कार्यक्रम के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी ने बैठक में जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय टोली के पदाधिकारी सभी 17 जिलों में समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करेंगे। प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से आयोजित कराने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान तकनीकी व्यवस्थाओं, बैठने की व्यवस्था, प्रसारण व्यवस्था एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारी की गई है।
बैठक में यह भी तय किया गया कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम के उपरांत सभी बूथों पर बूथ समिति की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में मंडल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारी अपने-अपने आवासीय बूथों पर उपस्थित रहकर बूथ समितियों के साथ संवाद करेंगे। बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय करने तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने पर भी चर्चा की जाएगी।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम ने देशभर में एक सकारात्मक वातावरण तैयार किया है और समाज के हर वर्ग को प्रेरित करने का कार्य किया है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री लगातार देशवासियों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, लोकल फॉर वोकल, स्टार्टअप और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर प्रेरित करते रहे हैं।
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, अशोक मिश्रा, मोहित सोनकर, वीरेंद्र तिवारी, आलोक शुक्ला, पवन पाण्डेय, रामू चंदेल, विधि राजपाल, मनु सिंह, सुनील शुक्ला, सचिन गौड़ सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद