उड़ीसा से ट्रेन के जरिए लाए गए नशीले पदार्थ की अलीगढ़ और मथुरा में होनी थी सप्लाई, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
कानपुर- कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 80 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया, जबकि अधिकारियों ने इसे हाल के समय की बड़ी सफलता बताया है। जानकारी के अनुसार जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में मंगलवार तड़के करीब 03:45 बजे जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया में गश्त कर रही थी। तभी कैंट साइड स्थित गेट नंबर-02 के पास बने सार्वजनिक शौचालय के पीछे दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में कई बैग लेकर खड़े दिखाई दिए। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख दोनों युवक घबराकर तेजी से भागने लगे। संदिग्ध गतिविधि देखकर पुलिसकर्मियों ने तत्काल उनका पीछा किया और आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चारों ओर से घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गए युवकों से पूछताछ के दौरान जब उनके बैगों की तलाशी ली गई तो पुलिस भी दंग रह गई। आरोपियों के पास मौजूद 3 ट्रॉली बैग और 3 पिठ्ठू (बैकपैक) बैगों में भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर ही बरामद मादक पदार्थ का वजन कराया, जिसमें कुल 74 किलो 230 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार अभियुक्तों में पहला आरोपी प्रेम कुमार पुत्र निवासी हसनपुर, तहसील माट, थाना नवझील, जिला मथुरा है, जिसकी उम्र लगभग 21 वर्ष बताई जा रही है। उसके कब्जे से 1 ट्रॉली बैग और 2 पिठ्ठू बैगों में कुल 28 किलो 990 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दूसरा आरोपी सुभाष निवासी मानपुर, तहसील खैर, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़ है, जिसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है। उसके कब्जे से 2 ट्रॉली बैग और 1 पिठ्ठू बैग में 45 किलो 240 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे उड़ीसा से ट्रेन के जरिए गांजे की खेप लेकर कानपुर पहुंचे थे। यहां से उन्हें दूसरी ट्रेन के माध्यम से अलीगढ़ और मथुरा के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करनी थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इनके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इससे पहले कितनी बार इस तरह की खेप की सप्लाई की जा चुकी है।जीआरपी कानपुर सेंट्रल थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। इसके साथ ही पुलिस उन अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है जो इस अवैध कारोबार से जुड़े हैं।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में जीआरपी कानपुर सेंट्रल के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार, उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, मुकुंद लाल यादव, शिवबाबू यादव, हेड कांस्टेबल राज कमल वर्मा, रमेश सोनकर, हरिपाल यादव तथा कांस्टेबल कैलाश कुमार, सत्येन्द्र सिंह, दीपक कुमार और शिवेन्द्र कुमार शामिल रहे। वहीं आरपीएफ टीम से एएसआई चन्द्र प्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल श्रवण कुमार गोड़ तथा कांस्टेबल अजीत, अमित, संतोष और राज कुमार यादव ने भी अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सतर्कता और मुस्तैदी की सराहना की है।