पनकी पुलिस ने 108 एलईडी लाइटें बरामद कीं, फैक्ट्री कर्मी निकला मास्टरमाइंड
कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस की थाना पनकी पुलिस ने साइट नम्बर-03 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री से लाखों रुपये की एलईडी लाइट चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 108 एलईडी लाइटें बरामद की हैं, जिनकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री से करीब 110 एलईडी लाइट चोरी होने के मामले में वादी द्वारा थाना पनकी में मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने ग्वालियर निवासी शिवम किरार और अभिषेक कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शिवम फैक्ट्री में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था और उसने अपने साथी अभिषेक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी चोरी किए गए माल को ग्वालियर ले जाकर वहां की दुकानों में कम कीमत पर बेचने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन कराया जा रहा है। दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।