ग्राम प्रधान रामनरेश यादव के नेतृत्व में गांव खुशहाली और विकास की ओर अग्रसर
मनीष गुप्ता
कानपुर। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत बिधनू ब्लॉक की न्यूरी ग्राम पंचायत को 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत हुई है। इस राशि से गांव में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और न्यूरी गांव अब आधुनिक सुविधाओं से जगमगाएगा। मार्च माह में प्रदेश की 375 ग्राम पंचायतों को कुल 82.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि जारी की गई थी। पंचायती राज निदेशालय द्वारा गाइडलाइन जारी होने के बाद पंचायतों में विकास योजनाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। न्यूरी गांव भी अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि निदेशक पंचायती राज की ओर से विकास कार्यों की सूची जारी कर दी गई है, जिसके अंतर्गत पंचायतें विभिन्न जनहितकारी योजनाओं पर धनराशि खर्च कर सकेंगी।
इन कार्यों पर खर्च हो सकेगी पुरस्कार राशि
सद्भावना लॉन निर्माण, रूरल मार्ट, विज्ञान भवन, कॉमन फैसिलिटी सेंटर, ग्राम वाटिका, मिनी खेल स्टेडियम, रोजगार प्रशिक्षण केंद्र, पंचायत हाट बाजार, अंत्येष्टि स्थल, पुस्तकालय, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, भंडार गृह, स्मार्ट क्लास एवं फर्नीचर, सोलर शक्ति केंद्र, स्वराज स्थल निर्माण तथा पंचायत की आय बढ़ाने वाले अन्य कार्य शामिल हैं।