किदवई नगर के मदर टेरेसा स्कूल में एबीवीपी का प्रदर्शन, शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग
कानपुर-किदवई नगर स्थित मदर टेरेसा हाई सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 6 के एक छात्र की कथित पिटाई को लेकर शनिवार को भारी हंगामा खड़ा हो गया। आरोप है कि छात्र माथे पर सनातन परंपरा के अनुसार टीका लगाकर स्कूल पहुंचा था, जिसे देखकर एक शिक्षिका नाराज हो गईं और उन्होंने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद डरा-सहमा छात्र घर पहुंचा और उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद छात्र के माता-पिता ने स्कूल पहुंचकर स्कूल प्रबंधन से मामले की शिकायत की और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में स्कूल परिसर के बाहर पहुंच गए। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान “स्कूल प्रशासन होश में आओ”, “भारत माता जिंदाबाद” और “प्रिंसिपल मैडम कुर्सी छोड़ो” जैसे नारे पूरे परिसर में गूंजते रहे। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि धार्मिक प्रतीकों को लेकर छात्र के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामला उस समय और अधिक गरमा गया जब प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं से बात करने के लिए स्कूल की प्रिंसिपल अपने चैंबर से बाहर नहीं आईं। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन और तेज कर दिया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद एबीवीपी पदाधिकारियों ने स्कूल प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि छात्र को प्रताड़ित करने वाली शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से पद से हटाया जाए। साथ ही स्कूल प्रशासन पीड़ित छात्र और उसके परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। इसके अलावा भविष्य में किसी भी छात्र को टीका, कलावा या अन्य धार्मिक प्रतीकों के कारण प्रताड़ित न किए जाने का लिखित आश्वासन देने की भी मांग उठाई गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी शिक्षिका के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन स्कूल प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी।
फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।