परेड बाजार के दुकानदारों के समर्थन में उतरी कम्युनिस्ट पार्टी, डीएम को सौंपा ज्ञापन

कानपुर नगर में परेड बाजार को हटाए जाने की संभावित कार्रवाई के विरोध में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। डॉ. उमाकांत विश्वकर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने परेड बाजार के दुकानदारों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बाजार को हटाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परेड का हाट बाजार कोई नई व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह आजादी से पहले से शहर की पहचान का हिस्सा रहा है। वर्षों से यहां सैकड़ों परिवार अपनी रोजी-रोटी चला रहे हैं। बाजार में छोटे व्यापारियों, फुटपाथ दुकानदारों और जरूरतमंद परिवारों की लगभग सात सौ से अधिक दुकानें लगती हैं, जिनसे हजारों लोगों का प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार जुड़ा हुआ है।
कम्युनिस्ट पार्टी नेताओं ने कहा कि परेड बाजार सिर्फ व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख स्थल है। यहां समय-समय पर धार्मिक आयोजन, सामाजिक कार्यक्रम और सार्वजनिक गतिविधियां होती रहती हैं। ऐसे अवसरों पर दुकानदार प्रशासन का सहयोग करते हुए स्वेच्छा से अपनी दुकानें हटा लेते हैं, जिससे कभी कोई बड़ी अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी।
ज्ञापन के माध्यम से प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानदारों को हटाना अन्यायपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों पर लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव के बीच इस तरह की कार्रवाई सैकड़ों परिवारों को बेरोजगारी और आर्थिक संकट की ओर धकेल देगी। पार्टी नेताओं ने इसे गरीब और मेहनतकश व्यापारियों के खिलाफ अलोकतांत्रिक कदम बताते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने जबरन कार्रवाई की तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में बड़े स्तर पर अवैध कब्जों और निर्माणों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, जबकि वर्षों से जीविका चला रहे छोटे दुकानदारों को निशाना बनाया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दुकानदारों से संवाद करना चाहिए और उनके हितों की रक्षा करनी चाहिए।
इस दौरान पार्टी नेताओं ने दुकानदारों को भरोसा दिलाया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में सीता कटियार, विनोद पांडेय, गोविंद नारायण, जटाघर दीक्षित, मोहम्मद रईस, मोहम्मद अनीश, शालू खान, राकेश अग्रवाल, शुभम जैसवाल सहित बड़ी संख्या में दुकानदार और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद