वायरल वीडियो पर अमित राठौर का पक्ष, लगाए साजिश के आरोप

कानपुर। थाना कल्याणपुर क्षेत्र से जुड़े वायरल वीडियो मामले में सोमवार को नया मोड़ देखने को मिला। बारासिरोही निवासी अमित राठौर ने आईरा प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और उससे जुड़ी खबरों को भ्रामक बताते हुए अपना पक्ष रखा। उन्होंने पड़ोस में रहने वाली मीरा गुप्ता और उनके पुत्र प्रशांत गुप्ता पर पुरानी रंजिश के चलते परिवार को बदनाम करने का आरोप लगाया। अमित राठौर ने बताया कि उनके परिवार और पड़ोसी पक्ष के बीच करीब तीन वर्षों से विवाद चल रहा है। उनके अनुसार मोहल्ले की लगभग 20 फीट चौड़ी सड़क पर कथित रूप से अतिक्रमण किया गया है, जिसका उनका परिवार लगातार विरोध करता रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार कहासुनी और तनाव की स्थिति बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले प्रशांत गुप्ता ने उनकी भांजी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की थी। घटना की जानकारी मिलने पर उनका छोटा भाई शिकायत लेकर पड़ोसी के घर पहुंचा और मामले को शांत कराने की कोशिश की। अमित राठौर के मुताबिक इसी दौरान विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज को अधूरा दिखाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे पूरे मामले की तस्वीर एकतरफा तरीके से पेश हुई। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिस और मीडिया को अधूरी जानकारी देकर उनके परिवार की छवि खराब करने का प्रयास किया। अमित राठौर ने यह भी कहा कि उनके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पड़ोसी पक्ष पर दबाव बनाने और क्षेत्र में गलत माहौल तैयार करने का आरोप लगाया। अपने दावों के समर्थन में उन्होंने मीडिया के सामने कुछ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, वायरल वीडियो की पूरी फुटेज की जांच करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की। वहीं इस प्रकरण को लेकर इलाके में चर्चाओं का दौर जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद