4-5 लाख की हार, धमकियों का दबाव और मौत… रास प्लाजा होटल में युवक का शव फंदे से लटका मिला
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के न्यू शिवली रोड स्थित रास प्लाजा होटल में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान प्रशांत दीक्षित के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि आईपीएल और अन्य सट्टों में लाखों रुपये हारने के बाद कर्जदारों और सट्टा खिलाने वालों की मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन, सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड खंगालने शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार प्रशांत गुरुवार सुबह करीब 9 बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी ड्यूटी पर जा रहा है, लेकिन वह ऑफिस न जाकर सीधे न्यू शिवली रोड स्थित रास प्लाजा होटल पहुंच गया। सुबह लगभग 10:45 बजे उसने अपना पहचान पत्र दिखाकर होटल के कमरा नंबर 302 को बुक कराया। होटल कर्मचारियों को उसने बताया था कि वह शाम 5 बजे तक कमरा खाली कर देगा।
शाम करीब 5 बजे के बाद जब प्रशांत कमरे से बाहर नहीं निकला और इंटरकॉम कॉल का भी कोई जवाब नहीं दिया, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल कल्याणपुर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खुलवाया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए। प्रशांत का शव बेड की चादर से बने फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामले की गुत्थी और उलझ गई है।
मृतक के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि प्रशांत पिछले कुछ महीनों से आईपीएल और अन्य ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टों की लत में फंस गया था। इस दौरान वह करीब 4 से 5 लाख रुपये हार चुका था और लगातार कर्ज में डूबता चला गया। परिवार का आरोप है कि क्षेत्र के ही तीन युवक उसे लगातार सट्टा खेलने के लिए उकसाते थे और पैसे हारने के बाद उससे रकम वसूलने के लिए धमकियां देते थे।
परिजनों का कहना है कि प्रशांत को लगातार फोन कॉल कर जान से मारने और बेइज्जत करने की धमकियां दी जा रही थीं। इसी मानसिक दबाव और तनाव के चलते वह पिछले कुछ दिनों से बेहद परेशान चल रहा था। परिवार ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते उसे प्रताड़ित करने वालों पर कार्रवाई होती तो शायद उसकी जान बच सकती थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कल्याणपुर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट्स की जांच शुरू कर दी है, ताकि उन लोगों की पहचान की जा सके जो उसे धमका रहे थे। होटल के प्रवेश द्वार से लेकर तीसरी मंजिल तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों द्वारा जिन तीन युवकों पर शक जाहिर किया गया है, उन्हें पूछताछ के लिए बुलाने की तैयारी की जा रही है। वहीं इंस्पेक्टर कल्याणपुर संतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोबाइल रिकॉर्ड, चैट्स और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।