कानपुर। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के नौबस्ता थाने की पुलिस ने ऑटो में सवारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर टप्पेबाज गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके कब्जे से चोरी किए गए करीब 15 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। गिरोह की महिला सदस्य ऑटो में सफर कर रही महिला यात्रियों के पास बैठ जाती थीं और उन्हें बातचीत में उलझाकर या भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उनके बैग से गहने और अन्य कीमती सामान पार कर देती थीं। वारदात को इतनी सफाई से अंजाम दिया जाता था कि पीड़ित को घटना की भनक तक नहीं लगती थी।
हाल ही में नौबस्ता क्षेत्र में एक महिला सवारी के साथ हुई लाखों रुपये की टप्पेबाजी की घटना के बाद पुलिस हरकत में आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों की सूचना के आधार पर गिरोह तक पहुंचने में सफलता पाई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से बरामद आभूषणों की बाजार कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने शहर के अन्य किन इलाकों में ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) दीपेंद्र नाथ चौधरी ने गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते इस गिरोह का पर्दाफाश संभव हो सका।
डीसीपी साउथ ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के दौरान अपने सामान के प्रति विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने बताया कि पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रख रही है और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
ऑटो में टप्पेबाजी करने वाला गिरोह पकड़ा, 15 लाख के गहने बरामद