‘टोकोगे तो रोकोगे’ अभियान शुरू

कानपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में कानपुर नगर निगम ने एक नई और प्रभावी पहल करते हुए ‘टोकोगे तो रोकोगे’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य जन-भागीदारी के जरिए स्वच्छता को एक जन-आंदोलन का रूप देना है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर प्रमिला पांडेय ने अभियान की औपचारिक शुरुआत की और शहरवासियों से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
महापौर प्रमिला पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का साझा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि लोग सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों को विनम्रता से टोकेंगे, तो निश्चित रूप से शहर को गंदा होने से रोका जा सकता है। उन्होंने एनजीओ, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, ब्लॉगर्स और व्यापार मंडलों से भी इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि यह अभियान जन-जन तक पहुंचे।
कार्यक्रम में नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इनमें अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनमोहन आर्या, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय शंखवार और डॉ. अमित सिंह गौर (नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल) प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला और इसके क्रियान्वयन की रणनीति साझा की।
डॉ. अमित सिंह गौर और उनकी टीम ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल गंदगी फैलाने वालों को टोकना ही नहीं, बल्कि स्वच्छता के लिए अच्छा काम करने वाले नागरिकों की सराहना करना भी है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक व्यवहार को बढ़ावा देना इस अभियान की खासियत है, जिससे लोग खुद आगे आकर स्वच्छता में योगदान देंगे। साथ ही उन्होंने यह भी संदेश दिया कि बदलाव की शुरुआत हर व्यक्ति को अपने घर और आसपास से करनी होगी।
नगर निगम प्रशासन का मानना है कि जब तक आम नागरिक स्वयं जागरूक होकर गंदगी के खिलाफ आवाज नहीं उठाएंगे, तब तक पूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल रहेगा। इसी सोच के साथ इस अभियान को डिजाइन किया गया है, ताकि हर व्यक्ति खुद को शहर की सफाई का जिम्मेदार समझे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए और आश्वासन दिया गया कि उन्हें भविष्य की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। नगर निगम ने शहर के सभी नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने और कानपुर को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद