गैराज में भीषण आग, सिलेंडर धमाकों से दहला इलाका; 6 कारें राख

ईदगाह क्षेत्र में देर रात मची अफरा-तफरी, 8 दमकल गाड़ियों ने 45 मिनट में पाया काबू

कानपुर के ईदगाह इलाके में शुक्रवार देर रात एक कार गैराज में लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ब्रह्मनगर चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित जनता मोटर्स गैराज में रात करीब 11 बजे आग लगी, जिसने कुछ ही देर में पास के सनराइज मोटर्स रिपेयरिंग सेंटर और ओम मोटर्स को भी अपनी चपेट में ले लिया।
सिलेंडर धमाकों से दहशत
आग के दौरान गैराज में रखे हाइड्रोजन सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा। करीब 20 फीट ऊंची उठती लपटों और लगातार हो रहे धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए और दुकानों को तत्काल खाली कराया गया।
6 कारें जलकर खाक
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां करीब 15 मिनट में मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। हालांकि तब तक गैराज में खड़ी 6 कारें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।
बस्ती तक पहुंची आग, समय रहते बचाव
आग की लपटें गैराज के पीछे स्थित गूदड़ बस्ती तक पहुंच गईं, जहां कई परिवार रहते हैं। फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की सतर्कता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि दो मकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। प्रभावित परिवारों में सोमवती, चंदा देवी, बेबी और बती देवी के घरों को नुकसान पहुंचा है।
दमकल की कड़ी मशक्कत
एसीपी सीसामऊ अमरनाथ यादव के अनुसार, सूचना मिलते ही फायर विभाग को अलर्ट किया गया। 7 से 8 दमकल गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

शॉर्ट सर्किट की आशंका
सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

राहत की बात—कोई जनहानि नहीं
इस भीषण हादसे के बावजूद राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद