अंडर-13 टूर्नामेंट में 13 स्कूलों ने दिखाया दम, शिवांग यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
कानपुर में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित अंडर-13 “लिटिल चैंपियन कप T-10 क्रिकेट टूर्नामेंट” सीजन-2 का सफल समापन हो गया। Pratap International School द्वारा आयोजित इस 5 दिवसीय टूर्नामेंट में शहर के करीब 13 विद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
फाइनल में रोमांचक मुकाबला
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला प्रताप इंटरनेशनल क्रिकेट एकेडमी और स्कॉलर मिशन स्कूल के बीच खेला गया, जिसमें दर्शकों को बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंततः प्रताप इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि स्कॉलर मिशन स्कूल उपविजेता रहा।
खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। किसी ने बेहतरीन बल्लेबाजी से रन बनाए तो किसी ने शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग से टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पुरस्कार वितरण में सम्मानित हुए खिलाड़ी
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व महिला क्रिकेटर एवं कोच Archana Mishra, विशिष्ट अतिथि राहुल सिंह (क्रिकेटर), सीमा सिन्हा (क्रिकेटर) और Jeevan Sankalp Seva Lakshya Foundation से जुड़े रोहित मिश्रा की उपस्थिति में विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।
स्कॉलर मिशन स्कूल के शिवांग यादव को मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट फील्डर का खिताब मिला। वहीं सिटी मॉडल क्रिकेट एकेडमी के कबीर राज को बेस्ट बॉलर और आर्यन शर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला
अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सभी कोच और अंपायरों को पटका, प्रशस्ति पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वागत समारोह
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद छात्राओं ने भगवान श्री गणेश की स्तुति पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। “अतिथि देवो भवः” की परंपरा का पालन करते हुए सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
विद्यालय की डायरेक्टर सुरभि भदौरिया के निर्देशन में प्रधानाचार्या चारु यादव ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।