कानपुर। शहर में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम) के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने कल्याणपुर क्षेत्र में संचालित 11 निजी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते स्टार सिटी हॉस्पिटल और कानपुर हेल्थ केयर चिकित्सालय को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं एच.आर. मेडिकल सेंटर और रोहित राज मेडिकल एंड सर्जिकल सेंटर के ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में खामियां पाए जाने पर उन्हें भी सील किया गया।
टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान न्यू अभिनव हॉस्पिटल में अनियमितता मिलने पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया। गांधी हॉस्पिटल में केवल बोर्ड लगा मिला, जबकि कोई चिकित्सीय गतिविधि संचालित नहीं पाई गई। वहीं सावरियां हॉस्पिटल निरीक्षण के समय बंद मिला, जिसे संदिग्ध मानते हुए जांच के दायरे में रखा गया है।
इसके अलावा निरीक्षण में मान्या हॉस्पिटल, माँ सरस्वती हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर, ओस्मियम हेल्थ केयर और साक्षी हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर में चिकित्सकीय सेवाएं मानकों के अनुरूप संचालित होती पाई गईं।
नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों पर लाइसेंस निरस्तीकरण से लेकर सीलिंग तक की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कल्याणपुर में अस्पतालों पर छापा, दो सील