कानपुर। भारतीय जनता पार्टी, कानपुर दक्षिण की ओर से छावनी विधानसभा क्षेत्र के श्याम नगर स्थित आरके गैलेक्सी में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में एक वृहद विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भागीदारी कर केंद्र सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तीकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी में अधिक अवसर प्रदान करेगा, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत एवं समावेशी बनेगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर महिलाओं को इस अधिनियम की जानकारी दें और उन्हें इसके लाभों से अवगत कराएं, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं राजनीतिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं। उज्ज्वला योजना से लेकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम तक, सरकार के निर्णयों का सीधा लाभ देश की करोड़ों महिलाओं को मिल रहा है।
गोष्ठी के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में जन-जागरूकता अभियान को और तेज करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, भूपेंद्र त्रिपाठी, आभा द्विवेदी, अनीता त्रिपाठी, सुषमा चौहान, ममता राजपूत, मधु तिवारी, आशा पांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं मातृशक्ति मौजूद रही।
नारी शक्ति वंदन पर भाजपा की गोष्ठी