मां की फटकार से टूटा नाजुक मन: कोचिंग न जाने पर नाराज 14 वर्षीय छात्रा ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

कानपुर के रेलबाजार क्षेत्र में एक 14 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोचिंग न जाने को लेकर मां की फटकार से आहत होकर छात्रा ने जहरीला पदार्थ पी लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घर में ही बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

रेल बाजार थाना क्षेत्र की लोको कॉलोनी निवासी शैलेन्द्र शुक्ला, जो रेलवे में सीनियर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं, के परिवार में यह दर्दनाक घटना घटी। परिवार में पत्नी सहल शुक्ला, बेटी आर्या (14) और बेटा शाश्वत हैं।
परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 5 बजे आर्या को कोचिंग जाना था, लेकिन उसने जाने से इनकार कर दिया। इस पर मां ने उसे डांट दिया। बताया जा रहा है कि फटकार से नाराज होकर आर्या अपने कमरे में चली गई और काफी देर तक बाहर नहीं निकली।

जब मां ने उसे आवाज दी और कोई जवाब नहीं मिला तो वे कमरे में पहुंचीं। दरवाजा खोलने पर आर्या बेड पर अचेत अवस्था में पड़ी मिली। कमरे में एक खाली लिक्विड की शीशी भी पड़ी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था।

इलाज के दौरान हुई मौत

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में छात्रा को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे लाला लाजपत राय अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया।
हैलट पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्रा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही रेल बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को कमरे से एक खाली लिक्विड की बोतल मिली है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना रेलबाजार पुलिस प्रभारी के अनुसार, परिजनों ने प्रारंभिक बयान में बताया है कि मां की डांट के बाद छात्रा ने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद