गुजैनी-दबौली में अचानक गुल हुई बिजली पर जनता का प्रदर्शन, दादा नगर सब-स्टेशन पहुंचे विधायक; अधिकारियों को लगाई फटकार
कानपुर में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से परेशान जनता को उस वक्त बड़ी राहत मिली, जब क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने केस्को की कार्यशैली पर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को तत्काल बिजली बहाल करने के निर्देश दिए। उनके हस्तक्षेप के बाद करीब 6700 घरों की बिजली कुछ ही देर में बहाल कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, गुजैनी और दबौली क्षेत्र के कई इलाकों में केस्को द्वारा अचानक बिजली सप्लाई काट दी गई थी, जिससे लोग अंधेरे और गर्मी में परेशान हो उठे। आक्रोशित क्षेत्रीय नागरिक दादा नगर स्थित केस्को सब-स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन करने लगे। स्थिति तनावपूर्ण होती देख स्थानीय लोगों ने विधायक सुरेंद्र मैथानी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही विधायक अपने सभी कार्यक्रम छोड़कर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहले प्रदर्शन कर रहे लोगों की समस्याएं सुनीं और उन्हें शांत कराया। इसके बाद उन्होंने मौके से ही केस्को अधिकारियों को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और एमडी केस्को से सीधे बात कर अपनी नाराजगी जताई।
विधायक मैथानी ने दो टूक शब्दों में अधिकारियों को निर्देश दिया कि “जनता गर्मी और अंधेरे में परेशान है, यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुझे 15 से 20 मिनट के भीतर सभी घरों में बिजली आपूर्ति सुचारू चाहिए।” उनके इस सख्त तेवर का असर तुरंत देखने को मिला।
कुछ ही देर में केस्को के एमडी ने स्वयं विधायक को फोन कर जानकारी दी कि तकनीकी फॉल्ट को ठीक कर लिया गया है और लगभग 6700 घरों की बिजली बहाल कर दी गई है। बिजली आते ही क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली और विधायक का आभार जताया।
विधायक सुरेंद्र मैथानी ने इस मौके पर कहा कि वह जनता के सेवक हैं और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब और आम नागरिकों को किसी भी कीमत पर परेशानी में नहीं छोड़ा जाएगा। “जनता की हर समस्या के समाधान के लिए मैं 24 घंटे उनके साथ खड़ा हूं और आगे भी पूरी निष्ठा से काम करता रहूंगा,” उन्होंने कहा।
इस दौरान पार्षद वंदना, गुंजन शर्मा, नवीन शर्मा, अखिलेश पांडे, मनोज यादव, अरविंद सहित कई स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि मौके पर मौजूद रहे। विधायक की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनप्रतिनिधि की सक्रियता से आम जनता की समस्याओं का समाधान संभव है।