कानपुर में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने कंट्रोल रूम में स्थापित ग्रीन कॉरिडोर सेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सेल की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों से संवाद करते हुए शहर की भौगोलिक स्थिति, प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक रास्तों और ट्रैफिक के पीक आवर्स की पूरी जानकारी रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी ड्यूटीरत कर्मी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का अक्षरशः पालन करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी के ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया जा सके।
पुलिस उपायुक्त ने यह भी निर्देशित किया कि ग्रीन कॉरिडोर से संबंधित प्रत्येक गतिविधि का रिकॉर्ड सुव्यवस्थित तरीके से संधारित किया जाए, जिससे जरूरत पड़ने पर उसका विश्लेषण और सुधार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जीवन रक्षक सेवाओं को प्राथमिकता देना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, और ग्रीन कॉरिडोर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील पहल है, जो आपातकालीन सेवाओं को समय पर पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है।
ग्रीन कॉरिडोर सेल का औचक निरीक्षण