अभिनेता गौरव खन्ना ने पीएसी जवानों में भरा जोश, स्वास्थ्य शिविर में मातृत्व पर जागरूकता

कानपुर।
37वीं वाहिनी पीएसी में सेनानायक बी.बी. चौरसिया की उपस्थिति में एक विशेष कार्यक्रम एवं ‘निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर’ का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेता गौरव खन्ना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्रिस्टा आईवीएफ की विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति गुप्ता मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय परंपरा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ किया गया। सेनानायक द्वारा मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि का स्वागत स्मृति स्वरूप ‘ट्री पॉट’ (पौधा) भेंट कर किया गया, जो प्रकृति के प्रति सम्मान और सकारात्मक सोच का प्रतीक रहा।
अपने प्रेरक संबोधन में गौरव खन्ना ने पीएसी बल की कर्तव्यनिष्ठा और साहस की सराहना करते हुए जवानों और प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा, “हताश नहीं होना है, निरंतर मेहनत करते रहना है और अपना विजन हमेशा बड़ा रखना है।” उन्होंने जवानों को प्रेरित करते हुए यह भी कहा कि समाज, विशेषकर बच्चे, उन्हें आदर्श मानते हैं, इसलिए उनका आचरण अनुकरणीय होना चाहिए।

उन्होंने जीवन में विनम्रता का महत्व बताते हुए कहा कि किसी भी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद भी जमीन से जुड़े रहना ही सच्ची महानता है। साथ ही उन्होंने जवानों को आत्मसम्मान बनाए रखने और खुद की नजर में हमेशा ऊंचा रहने की सीख दी।

इस दौरान आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में क्रिस्टा आईवीएफ की डॉ. कीर्ति गुप्ता ने महिला सशक्तीकरण और मातृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने निःसंतानता को एक सामान्य चिकित्सा समस्या बताते हुए कहा कि सही उपचार और सकारात्मक सोच के जरिए इसका समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि “श्रद्धा और लगन के साथ किया गया प्रयास हमेशा सफलता दिलाता है।”
कार्यक्रम के अंत में सेनानायक बी.बी. चौरसिया ने मुख्य अतिथि एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाहिनी अपने जवानों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।
यह आयोजन न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि जवानों के मनोबल को भी नई ऊर्जा देने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर आरटीसी प्रभारी सीसी मनोज कुमार श्रीवास्तव, सूबेदार सैन्य सहायक सुरेंद्र सिंह सहित वाहिनी के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,J news India में आपका हार्दिक अभिनंदन हैं, यहां आपकों 24×7 के तर्ज पर पल-पल की अपडेट खबरों की जानकारी से रूबरू कराया जाएगा,खबर और विज्ञापन के लिए संपर्क करें- +91 9044953076,हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें साथ ही फेसबुक पेज को लाइक अवश्य करें।धन्यवाद