फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं
कानपुर। शहर के व्यस्ततम सीसामऊ बाजार में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसिद्ध कपड़े की दुकान ‘दीप गारमेंट्स’ में अचानक भीषण आग लग गई। धुआं और लपटें उठते ही आसपास के दुकानदारों और ग्राहकों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। बाजार क्षेत्र की तंग गलियों और भीड़भाड़ को देखते हुए आग के फैलने का खतरा काफी अधिक था, लेकिन समय रहते प्रशासन सक्रिय हो गया। सूचना मिलते ही एसीपी सीसामऊ, थाना प्रभारी सीसामऊ और प्रभारी निरीक्षक बजरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी की, जिससे आग आसपास की दुकानों तक नहीं फैल सकी।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। दुकान में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल आए थे। हालांकि आग से दुकान में रखे कपड़े और फर्नीचर को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसका आकलन किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था कायम है।
प्रशासन ने व्यापारियों से अपील की है कि वे अपनी दुकानों में अग्निशमन उपकरणों की नियमित जांच कराएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।